जिला गंगा समिति की बैठक में सख्त निर्देश, बिना जीपीएस वाले सीवर टैंक वाहन होंगे सीज

रूद्रपुर,12 मई 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला गंगा समिति की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने जनपद में स्वच्छता, सीवर प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकायों को निर्देशित किया कि सभी सरकारी एवं निजी सीवर टैंक वाहनों में शत-प्रतिशत जीपीएस लगवाना सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी नियमित निगरानी भी की जाए।
सीडीओ ने कहा कि जो निजी सीवर टैंक वाहन बिना पंजीकरण के कार्य कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सीवर टैंक वाहन केवल एसटीपी प्लांट में ही सीवर डालें, अन्य स्थानों पर सीवर फेंकने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाए।
बैठक में नगर आयुक्त नगर निगम काशीपुर एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका किच्छा को एक माह के भीतर कूड़ा निस्तारण कार्य पूरा कर उसकी फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि लिगेसी वेस्ट का नियमित निस्तारण किया जाए तथा कहीं भी कूड़ा डंप न होने पाए।
उन्होंने खटीमा में एफएसटीपी प्लांट स्थापित करने हेतु अधिशासी अभियंता पेयजल निगम को स्टीमेट तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में कूड़ा निस्तारण के लिए 15 दिन के भीतर नगर निकायों से एमओयू कराना सुनिश्चित करें। साथ ही ग्राम पंचायतों से निकलने वाले कूड़े को नजदीकी निकायों में भेजने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी को निर्देशित किया गया कि औद्योगिक संस्थानों का नियमित निरीक्षण करें और बिना ट्रीटमेंट के पानी को नदी या नालों में छोड़ने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी को निजी एवं सरकारी चिकित्सालयों से निकलने वाले बायोमेडिकल वेस्ट का मानकों के अनुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने सभी विभागीय अधिकारियों को नमामि गंगे एवं एनजीटी की गाइडलाइन का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में डीएफओ यूसी तिवारी, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सुनील जोशी, एसीएमओ डॉ. डीपी सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एसपी सिंह, सहायक नगर आयुक्त काशीपुर शालिनी नेगी सहित विभिन्न नगर निकायों एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



