चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा, मंत्री सतपाल महाराज ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

पौड़ी,12 मई। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने मंगलवार को विकास भवन सभागार, पौड़ी में विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनहित कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत, शिक्षा एवं अन्य विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनें और उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों को प्राथमिकता दी जाए ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन मोटर मार्गों, सड़क सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्यों की समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरेखा होती हैं, इसलिए दूरस्थ गांवों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने परिवहन विभाग को लंबित मोटर मार्गों का शीघ्र सर्वेक्षण कर स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने वन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने तथा 30 मई तक निरीक्षण प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में वर्ष 2017 एवं उससे पूर्व स्वीकृत कार्यों से संबंधित 12 लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर सभी आपत्तियों के समाधान के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा में बताया गया कि स्टेज-2 के अंतर्गत स्वीकृत 16 कार्यों में से 8 पूर्ण हो चुके हैं जबकि 6 कार्य प्रगति पर हैं। वर्ष 2022 से स्वीकृत 40 डामरीकरण कार्यों में से 35 कार्य पूरे किए जा चुके हैं। मंत्री ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी निर्माणाधीन कार्य पूरे कर लिए जाएं।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली में स्वीकृत 10 पदों के सापेक्ष 7 कार्मिक कार्यरत पाए गए, जबकि 3 पद रिक्त हैं। इस पर मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग को क्षेत्र में झूलती विद्युत लाइनों एवं क्षतिग्रस्त पोलों को तत्काल ठीक कर सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। वहीं पर्यटन विभाग को सतपुली स्थित एंग्लिंग हट के कार्यों की जांच तथा सिंचाई विभाग को सत
पुली निरीक्षण भवन का निर्माण आगामी तीन माह में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



