राष्ट्रीय

इफ्फी 2026 में प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब के विजेताओं की घोषणा, अविशेष झा को मिला प्रथम पुरस्कार

इफ्फी 2026 में प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब के विजेताओं की घोषणा, अविशेष झा को मिला प्रथम पुरस्कार

 

पणजी/देहरादून, 24 नवंबर।

अरिहंत समाचार

57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 में प्रसार भारती ने अपनी पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा की। इस प्रतियोगिता में अविशेष झा की स्क्रिप्ट ‘मिर्ची केक’ को प्रथम स्थान मिला। वहीं सत्य व्यास की ‘संहार’ दूसरे और जितेश ठाकुर की ‘शरद पूर्णिमा’ तीसरे स्थान पर रही।

Advt.

पणजी की कला अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार विजेता अविशेष झा को 5 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहे सत्य व्यास को 3 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहे जितेश ठाकुर को 2 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।

 

प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी की परिकल्पना पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य देशभर के उभरते लेखकों को अपनी मौलिक कहानियां प्रस्तुत करने के लिए राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। इसके तहत फीचर फिल्म, डॉक्यूमेंट्री और शॉर्ट फिल्म की श्रेणियों में दस भारतीय भाषाओं की पटकथाएं आमंत्रित की गई थीं। खास बात यह रही कि घोषणा के महज दस दिनों के भीतर करीब एक हजार स्क्रिप्ट प्राप्त हुईं।

 

पुरस्कार वितरण समारोह में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पृथुल कुमार और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक धीरज सिंह मौजूद रहे। पृथुल कुमार ने कहा कि युवा प्रतिभाओं की रचनात्मक क्षमता को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक प्रभावशाली फिल्म की नींव उसकी मजबूत पटकथा और कहानी होती है।

 

वहीं दूरदर्शन की महानिदेशक रीना सोनोवाल कौली ने कहा कि ‘पेज से पिच तक’ जैसी पहल भारत की भाषाई और रचनात्मक विविधता को राष्ट्रीय मंच पर सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

प्रतियोगिता के पिचिंग सत्र में चयनित दस प्रतिभागियों ने विशेषज्ञ जूरी के सामने अपनी मौलिक पटकथाएं प्रस्तुत कीं। जूरी में अभिनेता एवं राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता मनोज जोशी, लेखक एवं शोधकर्ता संदीप बालकृष्ण, फिल्मकार श्रीनारायण सिंह और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पत्रकार एवं फिल्म समीक्षक अनंत विजय शामिल रहे।

 

आयोजन के तहत चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहे प्रतिभागियों को 50-50 हजार रुपये के विशेष उल्लेख पुरस्कार दिए गए। सातवें से दसवें स्थान तक के प्रतिभागियों को प्रशंसा-पत्र और शीर्ष 30 लेखकों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

 

21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय पहल का उद्देश्य उभरते कहानीकारों और फिल्म उद्योग के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना है, ताकि उनकी मौलिक पटकथाओं को फीचर फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री और शॉर्ट फिल्मों के रूप में विकसित करने के अवसर मिल सकें। प्रसार भारती ने इसे वार्षिक आयोजन के रूप में आगे बढ़ाने की योजना बनाई है।

Related Articles

Back to top button