पहाड़ों में बेतरतीब निर्माण और पलायन पर डॉ. शैलेन्द्र की चिंता, बोले– तीर्थाटन और पर्यटन की पहचान हो अलग

देहरादून
अरिहंत समाचार
उत्तराखंड में विकास की रफ्तार के बीच पर्यावरण संरक्षण, पलायन और पहाड़ों की सांस्कृतिक विरासत को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तराखंड प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में विकास स्थानीय परिस्थितियों और पर्यावरण को ध्यान में रखकर होना चाहिए। साथ ही तीर्थाटन और सामान्य पर्यटन को अलग-अलग पहचान देने की जरूरत है।

दरअसल, मंगलवार को देहरादून के तिलक रोड स्थित आरएसएस के प्रांत कार्यालय में विश्व संवाद केंद्र और विद्योत्तमा विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में हिमालय हुंकार पाक्षिक पत्रिका के दीपावली विशेषांक ‘उत्तराखंड और विकसित भारत’ का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. शैलेन्द्र ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की महत्वपूर्ण भूमिका है। सड़क, रेल, हवाई संपर्क, शिक्षा, रक्षा, ऊर्जा और पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश आगे बढ़ रहा है, लेकिन विकास के साथ प्रकृति और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी जरूरी है।

पहाड़ों में अनियोजित निर्माण पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में दो मंजिला भवन निर्माण अनुकूल है, वहां सात से आठ मंजिला इमारतों का निर्माण गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों की पारंपरिक निर्माण शैली और पर्यावरणीय परिस्थितियों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
वहीं, पलायन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी और रुद्रपुर जैसे शहरों की आबादी लगातार बढ़ रही है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों के कई गांव खाली हो रहे हैं। सीमांत गांवों को आबाद रखने के लिए रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। इसके लिए आयुष, कृषि, बागवानी और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
तीर्थाटन और पर्यटन को लेकर उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखना जरूरी है। चारधाम यात्रा से स्थानीय कारोबार, होटल और होमस्टे को लाभ मिल रहा है, लेकिन उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक यात्री को देवभूमि के आध्यात्मिक स्वरूप की अनुभूति भी होनी चाहिए।
डॉ. शैलेन्द्र ने जोशीमठ का उल्लेख करते हुए आपदा के बाद प्रभावित बाजार और कारोबार को दोबारा मजबूत करने की जरूरत भी बताई। इसके साथ ही उन्होंने लोक संस्कृति, लोकभाषाओं, लोक कलाकारों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में पुस्तक का भी हुआ विमोचन
इस अवसर पर डॉ. रक्षा रतूड़ी के काव्य संग्रह ‘गढ़ ज्योति’ का भी विमोचन किया गया। इस पुस्तक में उत्तराखंड की 21 प्रेरक विभूतियों के जीवन, संघर्ष, त्याग और राष्ट्रसेवा को कविताओं के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इनमें वीरांगना तीलू रौतेली, श्रीदेव सुमन, गौरा देवी, सुंदरलाल बहुगुणा और जनरल बिपिन रावत सहित कई महान व्यक्तित्व शामिल हैं।
कार्यक्रम में विश्व संवाद केंद्र के अध्यक्ष सुरेन्द्र मित्तल, सचिव राजकुमार टांक, हिमालय हुंकार के संपादक रणजीत सिंह ज्याला सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष बागड़ी ने किया।


