श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन

देहरादून,12 मई 2026। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवारों की श्रृंखला में मंगलवार को श्री पृथ्वीनाथ Mahadev मंदिर में परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में द्वितीय सामूहिक श्री सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पंचमुखी सिंदुरिया हनुमान जी के सम्मुख सामूहिक रूप से श्री सुंदरकांड पाठ किया गया। इस दौरान निशा महिला भजन मंडली द्वारा एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
दिगंबर दिनेश पुरी जी ने जानकारी देते हुए बताया कि आज के यजमान श्री सुमित गोयल रहे। सांयकाल में सर्वप्रथम मंदिर में विराजमान सिंदुरिया हनुमान जी का माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात निशा महिला भजन मंडली द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ किया गया तथा भगवान भोलेनाथ और लड्डू गोपाल के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को मिष्ठान एवं फल प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन आगामी आठों मंगलवारों तक निरंतर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी 26 मई मंगलवार को रिंकू गुलाटी जागरण पार्टी द्वारा सामूहिक श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी, गजेंद्र, सुनील गोयल, विक्की गोयल, नवीन गुप्ता, निशा शर्मा, रोहित अग्रवाल, प्रीति गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, संजय कुमार गर्ग, रीना सिंघल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



