उत्तर प्रदेशखेलराष्ट्रीय

नेशनल आर्म्स रेसलिंग चैंपियनशिप में पंकज चौधरी ने जीते दो कांस्य पदक , नोनांगली गांव हुआ गौरवान्वित

झिंझाना 01 जून (प्रेम चन्द वर्मा)। गुजरात के गांधीनगर में 29 मई से 2 जून तक आयोजित चौथे पफी नेशनल रेसलिंग एवं पैरा आर्म्स रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 में ऊन ब्लॉक के गांव नौनांगली निवासी चौधरी पंकज कुमार चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाएं और दाएं दोनों वर्गों में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) हासिल कर गांव और जनपद शामली का नाम रोशन किया है। उन्होंने ये मेडल शुक्रवार को हासिल किए हैं।
पंकज चौहान की इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपने दमदार प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत के बल पर ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
पंकज चौहान आर्म्स रेसलिंग (पंजा लड़ाने) के क्षेत्र में पहले से ही एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में रेफरी की भूमिका भी निभा चुके हैं तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में अनेक पदक अपने नाम कर चुके हैं। अब राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण मुकाम जोड़ लिया है।
उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button