कानून व्यवस्था पर सख्त हुए डीएम नितिन भदौरिया, भूमि अतिक्रमण, धर्मांतरण और महिला अपराध पर कड़ी निगरानी के निर्देश

रुद्रपुर,01 जून 2026। जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि अतिक्रमण, धर्मांतरण और महिला अपराध जैसे संवेदनशील मामलों पर सरकार बेहद गंभीर है। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी मुस्तैदी और सख्ती के साथ कार्य करने को कहा, ताकि अपराधियों में भय का माहौल बने और आम जनता को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को नियमित न्यायालय संचालित कर लंबित राजस्व वादों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली में तेजी लाने को कहा। साथ ही सभी तहसीलों में शीर्ष 10 बकायेदारों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को अपराध नियंत्रण के लिए और अधिक सक्रियता से कार्य करने को कहा। उन्होंने जनपद की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने, न्यायालयों में अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने तथा पॉक्सो मामलों की विवेचना में कमियों की चेकलिस्ट तैयार कर भविष्य की जांच में उसका उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और अभियोजन की किसी भी कमी के कारण कोई अपराधी दोषमुक्त न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को मजिस्ट्रियल जांच समयबद्ध रूप से पूरी करने तथा पुलिस और अभियोजन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या के त्वरित समाधान के लिए साझा व्हाट्सएप समूह का प्रभावी उपयोग किया जाए।
बैठक में आबकारी विभाग को कच्ची शराब एवं अवैध मदिरा की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं सीएम हेल्पलाइन, सीएम जन समर्पण पोर्टल, आयोगों के संदर्भ, रिट याचिकाओं, ऑडिट आपत्तियों तथा पेंशन प्रकरणों की आख्या निर्धारित समय सीमा के भीतर भेजने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतते हुए शिकायतकर्ताओं से स्वयं वार्ता करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने एआरटीओ को ओवरलोड वाहनों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन में अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग करने, खाद्य विक्रेताओं एवं आम जनता को जागरूक करने तथा सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए व्यापक अभियान संचालित करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र चौधरी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, तुषार सैनी, गौरव पाण्डेय, संयुक्त निदेशक अभियोजन डी.एस. जंगपांगी, डीजीसी मनोज कुमार तिवारी, बरीत सिंह, एआरटीओ मोहित कोठारी, पूजा नयाल, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चन्द्र तिवारी, अभिहित अधिकारी एल.एम. पाण्डे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।


