जलालाबाद के विशाल शर्मा ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव, ‘योग श्री सम्मान’ से हुए सम्मानित
जलालाबाद 04 अक्टूबर । विशाल शर्मा ने योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं निरंतर योगदान के लिए जलालाबाद का नाम रोशन किया। योगाचार्य विशाल शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित ‘योग श्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित ‘योग शक्ति महोत्सव-2026’ में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ द्वारा दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में देशभर से योग के क्षेत्र से जुड़े शिक्षक, प्रशिक्षक, साधक एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तथा महाराष्ट्र एवं गोवा के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी रहे। उनकी उपस्थिति में योगाचार्य विशाल शर्मा को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।योगाचार्य विशाल शर्मा योग के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। वे ‘योग रत्न पुरस्कार’ से भी सम्मानित हो चुके हैं और मास्टर इन योग की शैक्षणिक योग्यता रखते हैं। उन्नति योग सेंटर के माध्यम से उनके द्वारा क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं को योग प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें नियमित योग, अनुशासन, आत्मबल, आत्मरक्षा तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है।उनका कहना है कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति को मानसिक रूप से मजबूत और अनुशासित बनाने की प्रभावी विधा है। उनका प्रयास है कि अधिक से अधिक बच्चे और युवा योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर आगे बढ़ें।‘योग श्री सम्मान’ मिलने पर योगाचार्य विशाल शर्मा ने इसे अपने लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें योग के क्षेत्र में और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी बच्चों और युवाओं के बीच योग को बढ़ावा देने तथा समाज को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।कार्यक्रम में अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष योग गुरु मंगेश त्रिवेदी तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक नवनीत दीक्षित सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए योग शिक्षक, प्रशिक्षक एवं अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।योगाचार्य विशाल शर्मा को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान की जानकारी क्षेत्र में पहुंचने पर स्थानीय लोगों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।