उत्तराखण्डराज्य

पिथौरागढ़ में सप्ताह में एक दिन रहेगा “नो व्हीकल डे”, 15 मई से शुरू होगी “हैलो हेल्प” सेवा

पिथौरागढ़ 14 मई । ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जनपद में सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” लागू करने का निर्णय लिया है। यह पहल प्रधानमंत्री Narendra Modi के आह्वान पर शुरू की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बढ़ते ऊर्जा संकट के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना, ईंधन की बचत करना तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील करते हुए निर्धारित दिन अधिकतम पैदल चलने अथवा सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर बड़े स्तर पर ऊर्जा संरक्षण संभव है और “नो व्हीकल डे” इसी दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित होगा।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अभिनव पहल “हैलो हेल्प” टोल फ्री सेवा शुरू किए जाने की जानकारी भी दी। इस सेवा का शुभारंभ 15 मई 2026, शुक्रवार से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि “हैलो हेल्प” सेवा के माध्यम से सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक घर बैठे फोन के जरिए अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। इससे लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और समय, धन तथा अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह व्यवस्था जनसुविधाओं को सरल और सुलभ बनाने के साथ-साथ प्रशासन और जनता के बीच संवाद को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाएगी। साथ ही मुख्यालय तक वाहनों की आवाजाही कम होने से ईंधन की बचत, यातायात में कमी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि “हैलो हेल्प” सेवा की नियमित मॉनीटरिंग की जाएगी तथा शिकायतकर्ताओं से समय-समय पर फीडबैक लेकर शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा भी की जाएगी, ताकि आमजन को त्वरित और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

Related Articles

Back to top button