प्रतापनगर में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर,300 से अधिक लोगों ने लिया लाभ
टिहरी गढ़वाल,05 अक्टूबर 2026।‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विकासखंड प्रतापनगर के राजकीय इण्टर कॉलेज लम्बगांव में आयोजित दो दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर का सफल आयोजन किया गया । शिविर में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में 223 लोगों ने प्रतिभाग किया।
वहीं शिविर में 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। विभिन्न प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए प्राप्त 5 आवेदनों का निस्तारण किया गया, जबकि 40 से अधिक लोगों को अन्य योजनाओं से लाभान्वित कराया गया।
शिविर के दौरान करियर काउंसलिंग सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर करियर संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त किया।
शिविर में कृषि विभाग की ओर से 6 कृषकों को कृषि यंत्र वितरित किए गए। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा 2 मातृ किट वितरित की गईं। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 60 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित की गईं।
पशुपालन विभाग द्वारा टीकाकरण योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से एनआरएलएम सहित कृषि, बकरी, भेड़ एवं मुर्गी पालन संबंधी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर जड़ीबूटी सलाहकार समिति की उपाध्यक्ष सोना सजवाण, सेम मुखेम मन्दिर समिति के अध्यक्ष गोविन्द रावत, भाजपा के जिला महामंत्री जयेन्द्र सेमवाल, मण्डल अध्यक्ष बीएस चौहान व मनोज रमोला सहित विभिन्न विभागो के अधिकारी कर्मचारी एवं स्थानीय जन समुदाय उपस्थित रहे ।