जीआरडी इंस्टीट्यूट ने मल्टीस्पेशलिटी चैरिटेबल हॉस्पिटल की रखी नींव

देहरादून,28 मार्च 2026। 

राजपुर रोड स्थित जीआरडी इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल द्वारा आज संस्थापक चेयरमैन स्वर्गीय सरदार राजा सिंह की स्मृति में “सरदार राजा सिंह मेमोरियल चैरिटेबल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल” की नींव रखी गई। यह प्रस्तावित अस्पताल उत्तराखंड के वंचित एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तराखंड अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष श्री विश्वास डाबर ने कहा कि निजी क्षेत्र द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं में इस प्रकार की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इससे पहाड़ से हो रहे प्रतिभा पलायन को रोकने और राज्य में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।
संस्थान के चेयरमैन सरदार इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उनके पिता स्व. सरदार राजा सिंह का सपना था कि संस्था जनहित में कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाए। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल न केवल स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा और छात्रों को नर्सिंग एवं पैरामेडिकल क्षेत्र में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराएईगा।
महानिदेशक डॉ. पंकज चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड के छात्रों को अब मेडिकल शिक्षा के लिए अन्य राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। संस्थान आगामी वर्षों में राज्य में ही विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित कर रहा है, जहां छात्र अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए समर्पित रहेगा।
कार्यक्रम में चेयरमैन सरदार इंद्रजीत सिंह ओबेराय, प्रेजिडेंट डॉली ओबेराय, वाइस प्रेजिडेंट सरदार प्रबजी ओबेराय, गुरु राम दास एजुकेशनल ट्रस्ट के ट्रस्टीगण, डॉ. पंकज चौधरी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्वर्गीय सरदार राजा सिंह की स्मृति में शोक सभा एवं लंगर का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक योगदान को याद किया।



