उत्तराखण्डराज्यविशेष समाचार

मुख्यमंत्री आवास पर प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में सजा सांस्कृतिक उत्सव, धामी ने दिया आत्मीयता का संदेश

मुख्यमंत्री ने आयोजित किया रात्रिभोज, बोले- प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव, उनके अनुभव, प्रतिभा और सामर्थ्य से विकास को मिलेगी नई दिशा

**नंदा राजजात की भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन, लोकगीतों और लोकनृत्यों के जरिए जीवंत हुई देवभूमि की समृद्ध विरासत**

देहरादून 13 नवम्बर । तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में भव्य रात्रिभोज का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके साथ संवाद किया और प्रदेश की विकास यात्रा में उनके योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली। विशेष रूप से नंदा राजजात पर आधारित भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव हैं। वे देश-दुनिया के जिस भी कोने में रहते हैं, वहां अपनी मातृभूमि की संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। प्रवासी उत्तराखण्डी केवल प्रदेश से बाहर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देने वाले लोग नहीं हैं, बल्कि देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत और विशिष्ट पहचान के सशक्त संवाहक भी हैं। उनके साथ इस प्रकार का आत्मीय मिलन राज्य और प्रवासी समाज के बीच भावनात्मक रिश्तों को और मजबूत बनाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और आध्यात्मिक चेतना से है। जरूरी है कि प्रदेश से बाहर रहने वाली नई पीढ़ी भी अपनी भाषा, बोली, लोकगीतों, लोकनृत्यों और परंपराओं से जुड़ी रहे। प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी अगली पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ ही देवभूमि की संस्कृति और पहचान को देश-दुनिया में व्यापक स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रवासी उत्तराखण्डियों की प्रतिभा, अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार की अहम भूमिका हो सकती है। सरकार चाहती है कि प्रवासी समाज प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदार बने और अपने ज्ञान एवं अनुभव का लाभ राज्य के युवाओं, उद्यमियों तथा स्थानीय समुदायों तक पहुंचाए।

मुख्यमंत्री ने पैतृक गांवों से जुड़े रहने और उनके विकास में योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि अपनी जन्मभूमि और मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी निभाना हम सभी का दायित्व है। अपने गांवों को गोद लेकर वहां विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल सराहनीय है। ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार करने, स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रवासी समाज और राज्य सरकार के साझा प्रयास उत्तराखण्ड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

Advt.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से देवभूमि की सांस्कृतिक विविधता और विशिष्ट पहचान को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया। मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता तथा उत्तराखण्ड की विशिष्ट धार्मिक परंपरा नंदा राजजात पर आधारित प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। इस प्रस्तुति में उत्तराखण्ड की आस्था, लोकविश्वास, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का जीवंत चित्रण किया गया, जिसने प्रवासी उत्तराखण्डियों को भावविभोर कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। नंदा राजजात जैसी परंपराएं केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव की भी परिचायक हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्य सरकार लोकसंस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वे अपने प्रदेश के साथ इसी प्रकार आत्मीय जुड़ाव बनाए रखेंगे और विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज एवं भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button