राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने की शिष्टाचार भेंट
उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन में पूर्व तैयारी और त्वरित कार्रवाई जरूरी : राज्यपाल

देहरादून, 13 नवम्बर। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से शुक्रवार को लोक भवन में उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश में आपदा प्रबंधन की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
भेंट के दौरान उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव श्री विनोद कुमार सुमन, राज्य आपदा प्रतिवादन बल जौलीग्रांट के कमाण्डेंट श्री अर्पण यदुवंशी तथा 15वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, गदरपुर (ऊधमसिंह नगर) के श्री संतोष कुमार ने राज्यपाल को प्रदेश में आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों, कार्यप्रणाली और विभिन्न स्तरों पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
राज्यपाल डॉ. बिसेन ने कहा कि उत्तराखण्ड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं की संवेदनशीलता को देखते हुए आपदा प्रबंधन के लिए पहले से प्रभावी तैयारी रखना बेहद आवश्यक है। आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करना और प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि आपदा के समय विभिन्न विभागों और बचाव दलों के बीच बेहतर तालमेल से राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।