उत्तर प्रदेशखननताज़ा खबर

पोकलेन मशीनों से यमुना का सीना चीर रहा खनन ठेकेदार, वैध पट्टे की आड़ में नियमों के विरुद्ध खनन करने का आरोप

कैराना,शामली। भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के कण्डेला मंडलाध्यक्ष ने एसडीएम कैराना को शिकायती-पत्र सौंपा है, जिसमें खनन ठेकेदार पर वैध पट्टे की आड़ में नियमों के विरुद्ध खनन किये जाने का आरोप लगाया गया है।
          बृहस्पतिवार को यमुना खादर क्षेत्र के गांव मण्डावर निवासी एवं भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के कण्डेला मंडलाध्यक्ष फारुख चौधरी तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज को एक शिकायती-पत्र सौंपा। बताया कि खनन ठेकेदार के द्वारा वैध पट्टे की आड़ में दिन-रात अवैध खनन किया जा रहा है। शासनादेश में यमुना नदी की धारा से छेड़छाड़ किये बगैर दिन के समय खनन किये जाने को कहा गया है। खनन की अंतिम गहराई भी निर्धारित की गई है। अवैध खनन पाए जाने पर वर्ष-2023 में जिला प्रशासन तथा वर्ष-2025 में एनजीटी के द्वारा खनन कंपनी पर भारी जुर्माना अधिरोपित किया जा चुका है। साथ ही, रेत के वाहनों के आवागमन हेतु यमुना नदी के तटबंध को इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए थे। पत्र में आरोप है कि खनन ठेकेदार निर्देशों की धज्जियां उड़ा रहा है। रेत के वाहन गांव इस्सापुर खुरगान व मलकपुर से आबादी के बीच से होते हुए पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर पहुंच रहे है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। पत्र में तहसील के कर्मचारियों की भी खनन ठेकेदार से मिलीभगत के आरोप लगाए गए है। आरोप है कि खनन ठेकेदार के द्वारा न्यायिक हरित प्राधिकरण(एनजीटी) के नियमों की धज्जियां उड़ाकर रात्रि के समय भी पोकलेन मशीनों से खनन किया जा रहा है। भाजपा नेता ने मामले की जांच कराकर खनन ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की है।
रिर्पोट : सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।

Related Articles

Back to top button