उत्तराखण्ड

संविधान दिवस पर गोपेश्वर में युवा संवाद, विकसित भारत@2047 के संकल्प पर युवाओं ने रखे विचार

चमोली।

अरिहंत समाचार

संविधान दिवस के अवसर पर राजकीय विधि महाविद्यालय, गोपेश्वर में मेरा युवा भारत (MY Bharat), चमोली के तत्वावधान में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 80 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग कर विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए अपने विचार और सुझाव साझा किए।

कार्यक्रम में युवा आइकॉन राजेंद्र प्रसाद सती ने ‘विकसित भारत@2047’ विषय पर प्रेरणादायक प्रस्तुति देते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, कौशल, नवाचार और सकारात्मक सोच देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।

Advt.

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर राजकीय विधि महाविद्यालय के प्राध्यापकों के साथ जिला युवा अधिकारी आदित्य राज दीक्षित मौजूद रहे। वहीं राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक ममता फरस्वाण, गौरव नेगी और देवेश्वरी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत@2047 के संकल्प से जोड़ना और राष्ट्र निर्माण में उनकी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना रहा। युवा संवाद ने विद्यार्थियों को देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button