उत्तराखण्ड

संविधान दिवस पर सीएम धामी ने की अभियोजन विभाग के लिए तीन बड़ी घोषणाएं, 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि होगी स्वीकृत

 

देहरादून। अरिहंत समाचार

संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद करते हुए सभी प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रति अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने तथा आमजन को जागरूक करने के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण, कंप्यूटर और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा सभी जिलों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही।

Advt.

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान दिवस हमें संवैधानिक मूल्यों, न्याय, समानता और निष्पक्षता को अपने व्यवहार में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अभियोजन विभाग आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है और अभियोजन अधिकारियों की निष्पक्षता एवं कार्यक्षमता से आमजन का न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होता है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 12 विभूतियों को विधि, समाज सेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। साथ ही ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नए आपराधिक कानून लागू किए गए हैं, जिनका उद्देश्य न्याय व्यवस्था को आधुनिक, सरल और नागरिक केंद्रित बनाना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं के विस्तार के साथ न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

 

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि देवभूमि उत्तराखंड में कानून का राज कायम रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर अमल करना राज्य सरकार का संकल्प है।

 

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन एपी अंशुमान सहित पुलिस एवं अभियोजन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button