उत्तराखण्डजनगणना

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण हेतु मास्टर ट्रेनर्स का 4 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम देहरादून में शुरू

एफआरआई स्थित साइंटिस्ट्स हॉस्टल में 05 से 08 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है प्रशिक्षण

– निदेशक श्रीमती इवा आशीष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जनसंख्या गणना की तैयारियों को दिया जा रहा है अंतिम रूप

देहरादून 05 अक्टूबर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) को सुचारु, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड (गृह मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा चार दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आज देहरादून में हुआ। यह प्रशिक्षण 05 से 08 अक्टूबर 2026 तक वन अनुसंधान संस्थान (FRI) स्थित साइंटिस्ट्स हॉस्टल में आयोजित किया जा रहा है।

निदेशक श्रीमती इवा आशीष श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक व राष्ट्रीय प्रशिक्षक श्री शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक व राष्ट्रीय प्रशिक्षक श्री परवीन कुमार तथा उप निदेशक श्री आर. के. बनवारी द्वारा मास्टर ट्रेनर्स को तकनीकी व प्रक्रियात्मक मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये मास्टर ट्रेनर्स आगामी चरणों में मैदानी स्तर पर कार्यरत अधिकारियों और गणना कार्मिकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे पूरे राज्य में प्रक्रियात्मक एकरूपता सुनिश्चित होगी।

चार दिवसीय सत्र के दौरान जनसंख्या गणना से संबंधित मानकों, दिशा-निर्देशों, संकल्पनाओं और डेटा संकलन की शुद्धता पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। राष्ट्रीय नीति निर्माण और विकास योजनाओं के लिए आंकड़ों की सटीकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रशिक्षण में निर्धारित समय-सारणी के अनुपालन और त्रुटिरहित डेटा संग्रह पर जोर दिया जा रहा है।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्तराखंड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को सुदृढ़ और गति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Advt.

Related Articles

Back to top button