उत्तराखण्डआपदा

घाट बैंड के स्लाइड जोन पर प्रशासन अलर्ट मोड पर, अपर जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे

मार्ग चालू करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के दिए निर्देश

पिथौरागढ़,26 सितंबर 2026 । राष्ट्रीय राजमार्ग 09 के घाट बैंड पर लगातार आ रहे स्लाइड के दृष्टिगत जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। आज सबेरे अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक जीबी जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी घाट बैंड पहुंचे और वस्तु स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी ने कहा कि यह मार्ग पिथौरागढ़ की जनता के लिए लाइफ़ लाइन है। इसको खोलने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जाए।

अपर जिलाधिकारी ने एन एच के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग खोलने के लिए इस प्रकार से कार्य किया जाए कि कार्य भी होता रहे और यातायात भी सुचारू रहे। उन्होंने मलबा हटाने को लेकर कहा कि ऊपर से रैंप बनाकर रोड साफ करने का कार्य किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मशीनों की संख्या में बढ़ोतरी करें और बारिश रुकने पर दोनों ओर से मार्ग का अवरोध हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाए।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्लाइड जोन के स्थाई समाधान का रास्ता निकालें, ताकि स्थाई तौर पर लोगों को राहत मिल सके। अपर जिलाधिकारी ने आमजन से भी अपील की है कि मौसम की प्रतिकूल दशाओं के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। समय समय पर जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार ही यात्रा की योजना बनाएं तथा यात्रियों एवं आमजन की सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा जारी महत्वपूर्ण दिशा निर्देशों का पालन करें।

सहायक अभियंता एन एच लोहाघाट डी एस जरमाल ने कहा कि बारिश के दौरान घाट बैंड के स्लाइड जोन में लगातार पत्थर आने से मलबा हटाने का कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग मार्ग खोलने का हर संभव प्रयास कर रहा है। मौका मिलते ही मलबा हटाने का कार्य भी लगातार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button