चारधाम यात्रा के तीन धामों के कपाट शीतकाल के लिए बंद, मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं
बोले मुख्यमंत्री—श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या देवभूमि के प्रति देश-दुनिया की अटूट धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था का प्रमाण
देहरादून 11 नवम्बर
। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री गंगोत्री, श्री केदारनाथ एवं श्री यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने पर समस्त श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बाबा केदार, मां गंगा एवं मां यमुना से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 नवंबर को श्री गंगोत्री धाम तथा 11 नवंबर को श्री केदारनाथ एवं श्री यमुनोत्री धाम के कपाट विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं। अब 16 नवंबर को श्री बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का विधिवत समापन हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या देवभूमि उत्तराखंड के प्रति देश-दुनिया के लोगों की अटूट धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था को दर्शाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए। इन व्यवस्थाओं को सफल बनाने में तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, स्वयंसेवकों और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा केवल उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान ही नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिकी, पर्यटन और स्थानीय लोगों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण आधार है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा तीर्थयात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से उत्तराखंड पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कामना की कि बाबा केदार, भगवान बदरी विशाल, मां गंगा एवं मां यमुना की कृपा समस्त देशवासियों पर सदैव बनी रहे।