उत्तर प्रदेशधर्म-कर्म

महाडी मंदिर में छड़ी शोभायात्रा के साथ गूंजा जाहरवीर गोगा जी महाराज का जयघोष

जलालाबाद (शामली) 23 सितम्बर । पुराने बस स्टैंड स्थित महाडी मंदिर पर जाहरवीर गोगा जी महाराज की छड़ी शोभायात्रा श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ मंदिर के प्रबंधक बृजभूषण उपाध्याय के आवास से हुआ। नगर परिक्रमा के बाद छड़ी को महाडी मंदिर परिसर में लाया गया, जहां पुजारी विनोद उपाध्याय ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सुबह करीब 11 बजे छड़ी की स्थापना कराई।
श्रद्धालु गुड़, आटे से तैयार मीठे फल, इलायची दाना, नीला ध्वज, हाथ का पंखा, आटा, हल्दी और चने की दाल सहित अन्य पूजन सामग्री लेकर मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने छड़ी पर पूजन सामग्री अर्पित कर दीप प्रज्वलित किए। इसके बाद पुजारी विनोद उपाध्याय एवं आशुतोष ने मोरध्वज और जंजीर को श्रद्धालुओं के मस्तक से स्पर्श कराकर आशीर्वाद प्रदान किया।
पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। देर रात तक लोग लंबी कतारों में खड़े होकर जाहरवीर गोगा जी महाराज के दर्शन करते रहे। इस दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
आयोजन के दौरान विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने कढ़ी-चावल और हलवे का प्रसाद ग्रहण किया। वहीं, कुरैशियान चौक से हाईवे तक लगे मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर खरीदारी की। मेले में बच्चों और महिलाओं सहित लोगों की भीड़ देर शाम तक बनी रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रबंधक बृजभूषण उपाध्याय, योगी शेखर, ज्ञानी मनदीप सिंह, बंटी कोरी, मोहित सैनी, सचिन सैनी, सतीश कश्यप, विशु उपाध्याय, बिट्टू कोरी सहित अन्य श्रद्धालुओं और सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button