संत रविदास के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं : मुख्यमंत्री धामी
देहरादून,

24 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ की प्रदेश कार्यशाला में प्रतिभाग करते हुए संत रविदास के विचारों को सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का आधार बताया। त्यागी रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं से संत रविदास के संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों से समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, छुआछूत और भेदभाव जैसी कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण किया। उनका संदेश था कि व्यक्ति की पहचान उसकी जाति नहीं, बल्कि उसके कर्म, चरित्र और विचारों से होती है। उन्होंने कहा कि “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का संदेश आज भी समाज को आंतरिक शुद्धता और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अंत्योदय और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ कार्य कर रही है। स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से गरीब और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, युवाओं के लिए पारदर्शी रोजगार व्यवस्था और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समानता और समान अधिकार की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाते हुए चौपालों, संवाद कार्यक्रमों और जनजागरण गतिविधियों के माध्यम से संत रविदास के समानता, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक बंधुत्व के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।
उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली मानसिकता का मुकाबला सामाजिक एकता और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से किया जाना चाहिए। सामूहिक प्रयासों से ही संत रविदास के समरस और खुशहाल समाज के सपने को साकार किया जा सकता है और उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प पूरा होगा।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


