उत्तराखण्डकानून व्यवस्था

निलंबित कांस्टेबल ने पुलिस वर्दी में जंतर-मंतर पर किया प्रदर्शन, वायरल वीडियो के बाद जांच तेज

देहरादून

। उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहनकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय हरकत में आ गया है। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति शेर सिंह है, जो उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात रह चुका है। वीडियो में वह पुलिस की वर्दी पहनकर स्वयं को उत्तराखंड पुलिस से जुड़ा बताते हुए बयान देता नजर आ रहा है।
आईजी कुमाऊँ निवेदिता कुकरेती के अनुसार, शेर सिंह हरिद्वार में तैनाती के दौरान अपराधियों से मिलीभगत कर लोगों की जमीनों पर अवैध कब्जा कराने के मामले में जेल जा चुका है। इसके बाद वर्ष 2025 में उसे निलंबित कर दिया गया था।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि शेर सिंह की वर्तमान सेवा स्थिति क्या है। यदि वह निलंबित है, तो उसने सरकारी पुलिस वर्दी पहनकर सार्वजनिक धरना-प्रदर्शन में किस आधार पर भाग लिया और खुद को पुलिसकर्मी के रूप में कैसे प्रस्तुत किया।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच के आधार पर शेर सिंह के खिलाफ सरकारी वर्दी के दुरुपयोग सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं वायरल वीडियो की भी तकनीकी जांच कराई जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की तथ्यात्मक पुष्टि की जा सके।

Related Articles

Back to top button