उत्तर प्रदेशताज़ा खबर

सड़क चौड़ीकरण में विद्युत पोल बने बाधा, 12 साल बाद शुरू हुआ निर्माण कार्य धीमा

झिंझाना,(शामली)। कस्बे की मुख्य सड़क, जो पिछले करीब 12 वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी हुई थी। जिसको लोक निर्माण विभाग द्वारा हाल ही में सड़क के चौड़ीकरण और नई काली सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया गया है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान विद्युत विभाग के कुछ पोल सड़क निर्माण में बाधा बने हुए हैं, जिसके चलते काम अपेक्षित गति से नहीं चल पा रहा है।

बता दें कि लंबे समय से टूटी और गड्ढों से भरी इस सड़क के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। धूल, कीचड़ और आवागमन में दिक्कतें आम बात हो गई थीं, जिससे स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी बनी हुई थी। चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे इन विद्युत पोलों के कारण मशीनों के संचालन और सड़क को निर्धारित चौड़ाई तक विस्तार देने में दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन पोलों को नहीं हटाया गया, तो निर्माण कार्य और अधिक प्रभावित हो सकता है।

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार ने बताया कि विद्युत विभाग को इस समस्या से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही चौड़ीकरण में आ रहे विद्युत पोलों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ सकेगा।

क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि विभागों के समन्वय से यह महत्वपूर्ण सड़क जल्द ही पूरी तरह तैयार होकर आमजन के लिए सुगम यातायात का मार्ग बनेगी।

रिपोर्ट : झिंझाना से मौ० हारुन सैफी के साथ सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।

Related Articles

Back to top button