चंबा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक
देहरादून,23 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र अंतर्गत नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर वाहन दुर्घटना की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान मिले तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान हो।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहे। साथ ही अधिकारियों को स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।



