DEHRADUN

उत्तराखंड में अब घरों में आग भी मानी जाएगी आपदा, पीड़ितों को मिलेगा SDRF मानकों के तहत मुआवजा: धामी की 4 बड़ी घोषणाएं

उत्तराखंड में अब घरों में आग भी मानी जाएगी आपदा, पीड़ितों को मिलेगा SDRF मानकों के तहत मुआवजा: धामी की 4 बड़ी घोषणाएं

आपदा प्रबंधन दिवस पर मुख्यमंत्री ने किया बड़ा ऐलान; पूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को मिलेगा आपदा बचाव प्रशिक्षण, हर 1,000 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक बनेगा ‘आपदा मित्र’

देहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश होने वाली आग की घटनाओं को भी आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के मानकों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण देने की भी घोषणा की। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों को आपदा मित्र या आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। आपदा और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्य करने वाले लोगों को सरकार पुरस्कृत भी करेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (SDMP) 2026-27 का विमोचन भी किया।

 

Advt.

धामी की चार बड़ी घोषणाएं

1. घरों में आग लगने की घटना भी आपदा के दायरे में

आवासीय भवनों में किसी भी प्रकार की दुर्घटना के कारण आग लगने की घटना को अब आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा। अग्निकांड से प्रभावित व्यक्तियों को SDRF के मानकों के अनुरूप राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

2. पूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त वर्दीधारियों को प्रशिक्षण

भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस तथा अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा से बचाव और राहत कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से आम लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

3. हर 1,000 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक बनेगा आपदा मित्र

पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति 1,000 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को प्रशिक्षित किया जाएगा। राज्य सरकार इन शिक्षकों को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में तैयार करेगी। ये शिक्षक विद्यार्थियों को लगातार आपदा से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।

4. राहत-बचाव में मदद करने वाले नागरिक होंगे सम्मानित

आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को सरकार पुरस्कृत करेगी। इसका उद्देश्य आपात परिस्थितियों में नागरिकों की भागीदारी और सहयोग को प्रोत्साहित करना है।

‘आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया सबसे महत्वपूर्ण’

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां आपदा प्रबंधन को लगातार चुनौतीपूर्ण बनाती हैं। प्रदेश को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जनजागरूकता बढ़ाने के साथ प्रत्येक स्तर पर पूर्व तैयारियों को मजबूत करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आपदा की सूचना मिलते ही पूरा तंत्र सक्रिय होना चाहिए और प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत एवं सहायता पहुंचनी चाहिए। कठिन परिस्थितियों में आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचकर उनके साथ खड़ा होना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों में प्रदेश ने कई आपदाओं का सामना किया है। इस दौरान शासन-प्रशासन, केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने बेहतर समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य किए हैं।

सिलक्यारा बचाव अभियान का किया जिक्र, 17 दिन में बचाए गए थे 41 श्रमिक

मुख्यमंत्री ने 12 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में हुए हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि दीपावली के दिन सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने आपसी समन्वय से बचाव अभियान चलाया। प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला।

मुख्यमंत्री के अनुसार, अभियान के दौरान कई तकनीकी चुनौतियां सामने आईं। श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के लिए एक साथ कई वैकल्पिक उपायों पर काम किया गया और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद ली गई। करीब 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय श्रमिकों के धैर्य, बचाव दलों के परिश्रम और केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय को दिया। साथ ही भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में भूकंप से बचाव के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।

‘सिलक्यारा अभियान मानवीय संवेदनशीलता और टीमवर्क की मिसाल’

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि सिलक्यारा बचाव अभियान केवल एक सफल रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं था, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता और बेहतर टीमवर्क का भी उदाहरण था।

उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना, जिला प्रशासन से लेकर भारत सरकार तक समन्वय और शीर्ष नेतृत्व का धरातल पर रहकर मार्गदर्शन अभियान की सफलता के प्रमुख आधार रहे।

मुख्य सचिव ने कहा कि आपदा प्रबंधन का उद्देश्य यह होना चाहिए कि प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचे।

आपदा प्रबंधन की भविष्य की कार्ययोजना पर प्रस्तुतीकरण

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सिलक्यारा बचाव अभियान, प्रदेश में आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली, क्षमता विकास और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा और भरत सिंह चौधरी मौजूद रहे। इसके अलावा राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भंडारी, प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Back to top button