उत्तराखण्डपर्यावरण

कूड़ा निस्तारण प्लांट शुरू होने से शहर को मिलेगी कूड़े की समस्या से निजात, गीले कूड़े से बनेगी जैविक खाद और सूखे कूड़े से होगी आय

पिथौरागढ़,14 नवंबर 2026 ।

नगर निगम पिथौरागढ़ द्वारा शहर को स्वच्छ एवं कूड़ा मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नैनीपातल ट्रेंचिंग ग्राउंड में स्थापित लीगेसी वेस्ट प्लांट में कूड़ा निस्तारण कार्य का शुभारंभ किया गया। नगर निगम की महापौर कल्पना देवलाल ने नगर आयुक्त डॉ. दीपक सैनी, निगम पार्षदों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विधिवत रूप से प्लांट का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर महापौर ने अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्लांट के नियमित रूप से संचालित होने से प्रतिदिन शहर से निकलने वाले कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित होगा। इससे पर्यावरण स्वच्छ रहने के साथ ही नगर की सफाई व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि नैनीपातल ट्रेंचिंग ग्राउंड के समीप एमआरएफ सेंटर का निर्माण कार्य भी निरंतर जारी है। यहां ट्रॉमल मशीन के माध्यम से कूड़े का पृथक्करण एवं प्रसंस्करण किया जाएगा। महापौर ने संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने तथा प्रतिदिन किए जा रहे कूड़ा निस्तारण की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा पिथौरागढ़ को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए एक वर्ष का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

नगर आयुक्त डॉ. दीपक सैनी ने बताया कि नगर निगम के 40 वार्डों से प्रतिदिन लगभग 28 से 30 टन कूड़ा एकत्रित होता है। अब इस कूड़े को प्लांट में लाकर गीले एवं सूखे कूड़े के रूप में अलग-अलग किया जाएगा। गीले कूड़े से जैविक खाद तैयार की जाएगी, जबकि सूखे कूड़े को छांटकर विक्रय किया जाएगा। इससे नगर निगम को अतिरिक्त आय प्राप्त होने के साथ ही शहर में पिछले कई वर्षों से बनी हुई लीगेसी वेस्ट की समस्या के समाधान में भी मदद मिलेगी।

इस दौरान सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, जिला पंचायत सदस्य राकेश चन्द, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील चन्द, ग्राम प्रधान पूजा कापड़ी, पार्षद दिनेश कापड़ी, पार्षद मोहित चौंसाली, पार्षद डेरिक वार्टन, सहायक अभियंता उमेश अवस्थी, अभियंता नन्दा बल्लभ पाण्डेय, राकेश देवलाल,संजय गड़िया, सफाई निरीक्षक शारिक अंसारी सहित नगर निगम के कार्मिक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Advt.

Related Articles

Back to top button