उत्तराखण्डशिक्षा

बीडी इंटर कॉलेज भगवानपुर में 118 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण, चार छात्राएं एनीमिया से पीड़ित मिलीं

गंभीर एनीमिया से पीड़ित छात्रा को हायर सेंटर किया रेफर,भारत विकास परिषद और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित हुआ शिविर

भगवानपुर,10 अक्टूबर 2026 । बीडी इंटर कॉलेज भगवानपुर, हरिद्वार में भारत विकास परिषद तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं हीमोग्लोबिन की जांच के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 118 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान कक्षा नौ की तीन छात्राएं एनीमिया से पीड़ित पाई गईं, जबकि एक छात्रा में गंभीर एनीमिया की पुष्टि होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं भारत विकास परिषद, उत्तराखंड पश्चिम प्रांत के महासचिव संजय गर्ग ने कहा कि हीमोग्लोबिन की कमी स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्या है। इसका गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। वहीं, किशोरावस्था में एनीमिया के कारण शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित होता है और संक्रमण की आशंका भी बढ़ सकती है। उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित जांच और पौष्टिक आहार के महत्व पर जोर दिया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय चौहान ने बताया कि शिविर में 118 छात्र-छात्राओं की जांच की गई। इनमें कक्षा नौ की तीन छात्राएं एनीमिक तथा एक छात्रा गंभीर रूप से एनीमिक पाई गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए छात्रा को हायर सेंटर रेफर किया गया, ताकि उसे उचित उपचार मिल सके।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकित सैनी ने एनीमिया से बचाव के लिए खानपान में आयरन युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गेहूं एवं बाजरे की रोटी, राजमा, लोबिया, भुना चना, गुड़, दाल तथा मेथी, पालक और चौलाई जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन शरीर में आयरन की कमी दूर करने में सहायक होता है।
भारत विकास परिषद की सचिव श्रीमती कल्पना सैनी ने कहा कि बच्चों में एनीमिया का एक प्रमुख कारण आयरन और फोलिक एसिड की कमी है। उन्होंने आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियां लेने के दौरान चाय-कॉफी का सेवन नहीं करने या इसे सीमित रखने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति अभिभावकों और विद्यालयों को जागरूक रहने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
शिविर में परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी संजय पाल, संयोजक सेवा श्रीमती निधि, श्रीमती पारुल, श्रीमती अनुदीप, सुधीर सैनी, रजत बहुखंडी, निखिल अग्रवाल, नेत्रपाल, डॉ. विजय त्यागी, श्रीमती अर्चना पाल, श्रीमती रितु वर्मा, श्रीमती संगीता गुप्ता तथा कु. सारीन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button