डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में कथित अनियमितताओं को लेकर NSUI, युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने SSP देहरादून से की मुलाकात
देहरादून 02 अक्टूबर । डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर उपजे विवाद के बीच आज NSUI, युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री परमिंदर डोभाल के आवास पर पहुंचकर उन्हें बुके भेंट किया गया।
कार्यकर्ताओं ने इस मुलाकात के माध्यम से लोकतांत्रिक एवं व्यंग्यात्मक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन की भूमिका निष्पक्ष नहीं रही तथा सत्ता के दबाव में NSUI कार्यकर्ताओं के साथ कार्रवाई की गई और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दबाव में प्रशासन एवं पुलिस द्वारा चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप किया गया और ABVP को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा विषय है और इसमें किसी भी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा।
NSUI एवं कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हम लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं और छात्रसंघ चुनाव की निष्पक्षता, पारदर्शिता तथा स्वतंत्रता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देंगे। चुनाव के दौरान हुई कथित अनियमितताओं एवं प्रशासनिक भूमिका की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए, ताकि छात्रों के बीच लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास कायम रहे।
कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या संगठन के विरुद्ध नहीं, बल्कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों, निष्पक्ष चुनाव और न्याय के लिए है। यदि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनियमितता हुई है, तो उसकी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
NSUI, युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र हितों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।
इस दौरान प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट जी,नगर निगम पार्षद रोबिन त्यागी जी एवं आयुष गुप्ता जी,जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस तेजस्वी राणा जी,जिला उपाध्यक्ष प्रियांशु गौड़ जी,विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक पासी जी,पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डीएवी कॉलेज सिद्धार्थ अग्रवाल जी,छात्रनेता सौरभ सेमवाल जी,एनएसयूआई जिलाउपाध्यक्ष नितिन नेगी जी,अभिषेक डोबरियाल जी,दक्ष रावत जी सहित कई एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।