राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में देहरादून ने लहराया स्वर्णिम परचम
अंडर-17 में चैंपियनशिप का ताज किया अपने नाम और अंडर-14 में जीता रजत पदक
देहरादून 25 सितम्बर।
55वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता–फुटबॉल के पाँचवें और अंतिम दिन देहरादून ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और जुझारूपन का परचम लहराया। अंडर-17 वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में देहरादून ने दिल्ली को 2–1 से पराजित कर स्वर्ण पदक के साथ चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तालमेल, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। अंडर-17 वर्ग में प्रथम स्थान देहरादून, द्वितीय स्थान दिल्ली तथा तृतीय स्थान जयपुर ने प्राप्त किया। जयपुर ने तीसरे स्थान के मुकाबले में बेंगलुरु को 2–1 से पराजित कर कांस्य पदक अर्जित किया।
वहीं, अंडर-14 वर्ग में भी देहरादून की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, सामूहिक प्रयास और खेल भावना से राष्ट्रीय मंच पर देहरादून की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतियोगिता में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिल्ली संभाग की वेदिका को प्रदान किया गया। वहीं, सर्वश्रेष्ठ अनुशासन पुरस्कार एर्नाकुलम संभाग तथा स्वच्छता पुरस्कार जयपुर संभाग को प्रदान किया गया। विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों एवं अनुरक्षक शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए पाँच दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं आतिथ्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर टी. चक्रवर्ती, अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंधन समिति तथा मेजर शिवकुमारी, नामित अध्यक्षा, विद्यालय प्रबंधन समिति की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर टी. चक्रवर्ती ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की तथा उनके अनुशासन, प्रतिभा, परिश्रम और खेल भावना की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में श्रीमती प्रीति सक्सेना, उपायुक्त, देहरादून संभाग तथा श्री सुरजीत सिंह, सहायक आयुक्त, देहरादून संभाग की विशिष्ट उपस्थिति ने भी आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री माम चन्द ने विजेता टीमों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी तथा सभी खिलाड़ियों की मेहनत, टीम भावना और खेल भावना की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों के समर्पित प्रयासों की भी सराहना की।
