जाहरवीर गोगा माढ़ी के वार्षिक मेले के बाद लगा विशाल भंडारा, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
जलालाबाद 25 सितम्बर ।
कस्बे की प्राचीन एवं आस्था का प्रमुख केंद्र जाहरवीर गोगा माढ़ी पर वार्षिक मेले के सफल समापन के उपरांत पारंपरिक विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। भंडारे से पूर्व प्रातः माढ़ी के प्रबंधक एवं पुजारी ब्रजभूषण उपाध्याय के आवास पर विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान एवं विशेष पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद जाहरवीर गोगा माढ़ी परिसर में विशाल भंडारे का शुभारंभ किया गया।
भंडारे में कस्बे के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने जाहरवीर बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की और कढ़ी-चावल व खीर का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पूरा माढ़ी परिसर जाहरवीर बाबा के जयकारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं में प्रसाद ग्रहण करने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
आयोजन को सफल बनाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्यकर्ताओं ने पूरी तत्परता से व्यवस्थाएं संभालीं। भंडारे की व्यवस्था में प्रबंधक ब्रजभूषण उपाध्याय, नरेंद्र रोड, राजेश मुखिया, चंद्रपाल सैनी, सुशील जैन, बाबूराम नायक, प्रदीप राणा, बिजेंद्र हलवाई, बंटी, मयंक, सचिन, कल्लू एवं जोगिन्द्र आदि का विशेष सहयोग रहा। धार्मिक आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं ने आयोजन समिति एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


