कैंट विधानसभा में कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान, महर्षि ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
देहरादून 24 अगस्त
। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने सोमवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के चार वार्डों में जनसंपर्क कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। द्रोणपुरी, पटेल नगर पूर्व, कांवली रोड और विजय पार्क में आयोजित जनसंपर्क एवं सभाओं के दौरान उन्होंने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
राजीव महर्षि ने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का करीब तीन दशक से कब्जा है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र के लोग आज भी बिजली, पानी, सड़क और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं साझा कीं और बताया कि कई इलाकों में पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था की स्थिति खराब है, जबकि सड़कों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।
महर्षि ने कहा कि वर्ष 2022 में कौलागढ़ में एक सड़क दलदल में डूब गई थी, लेकिन आज तक उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्डों की विभिन्न कॉलोनियों में सीवर व्यवस्था का अभाव है और लोगों को पेयजल व बिजली की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में विफल रही है। भाजपा सरकार में आम जनता की किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने दावा किया कि लोग भाजपा शासन से त्रस्त हैं और अब बदलाव चाहते हैं।
पार्टी के वरिष्ठ नेता जगदीश धीमान ने कहा कि जनता के सब्र का बांध अब टूट चुका है और भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे।
जनसंपर्क अभियान के दौरान कार्यक्रम आयोजक संजय भारती, कैंट विधानसभा ब्लॉक अध्यक्ष महिला कांग्रेस अंजू भारती, सौरव शर्मा, गीतांजलि शर्मा, दीपक कुमार, बब्बन भाई, पूनम गुप्ता, कौशल्या देवी, प्रीति गुप्ता सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस सचिव गीताराम जायसवाल ने किया।