श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में सजा बाबा अमरनाथ बर्फानी का भव्य स्वरूप, देर रात तक उमड़ी भक्तों की भीड़
देहरादून,21 अगस्त 2026। परम पूज्य महान श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में शुक्रवार शाम श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर, देहरादून में युवा सेवा दल की ओर से भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर करीब 20 कुंतल यानी लगभग 2000 किलोग्राम बर्फ से श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी का बाबा अमरनाथ बर्फानी के स्वरूप में मनोहारी श्रृंगार किया गया। बर्फ से साकार किए गए बाबा अमरनाथ बर्फानी के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
दिगंबर दिनेश पुरी जी ने बताया कि युवा सेवा दल की ओर से आयोजित इस विशेष श्रृंगार में मंदिर के गर्भगृह में श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी को बाबा अमरनाथ बर्फानी का भव्य स्वरूप प्रदान किया गया। बर्फ से तैयार किए गए इस अद्भुत स्वरूप ने श्रद्धालुओं को बाबा अमरनाथ धाम की अनुभूति कराई।
इस अवसर पर सामूहिक श्रृंगार आरती का आयोजन किया गया। आरती के दौरान प्रख्यात डमरू वंदना ने वातावरण को शिवमय कर दिया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया, जिसमें विशेष रूप से खीर और बिस्कुट का प्रसाद शामिल रहा।
बाबा अमरनाथ बर्फानी के भव्य श्रृंगार के दर्शन करने के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में भक्त देर रात तक मंदिर पहुंचते रहे और भगवान श्री पृथ्वीनाथ महादेव के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी जी के साथ युवा सेवा दल के कान्हा कंसल, दिव्य गोयल, अर्णव, कार्तिक सहित अनेक सेवाभावी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन में युवा सेवा दल के सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।