एक्सिडेंटउत्तर प्रदेशताज़ा खबरशोक

भीषण सड़क हादसे में चेयरमैन के चचेरे भाई व भाभी की मौत, कस्बे में पसरा मातम

शामली/जलालाबाद। कस्बा जलालाबाद से मुजफ्फरनगर-पिन्ना बाईपास पर मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में जलालाबाद नगर पंचायत चेयरमैन जहीर मलिक के चचेरे भाई नाजिम मलिक और उनकी भाभी रजिया की मौत हो गई, जबकि परिवार की एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की खबर मिलते ही जलालाबाद कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया।जानकारी के अनुसार मौहम्मदीगंज निवासी नाजिम मलिक पुत्र नत्थू मलिक मंगलवार सुबह अपनी भाभी रजिया पत्नी अलीम मलिक और खाला नाजो पत्नी अकरम को चिकित्सक को दिखाने के लिए स्विफ्ट कार से मेरठ जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे पिन्ना बाईपास पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।आसपास मौजूद लोगों ने कार सवारों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण नाजिम कार के अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को मुजफ्फरनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रजिया की भी मौत हो गई। वहीं नाजो की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।हादसे की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से जैसे ही जलालाबाद पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। चेयरमैन जहीर मलिक अपने परिजनों के साथ तुरंत मुजफ्फरनगर पहुंचे और आवश्यक कार्यवाही में जुट गए। एक ही परिवार में दो जवान मौतों से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।थकान और झपकी बनी हादसे की वजह परिजनों के अनुसार नाजिम मलिक सोमवार देर रात अपने एक रिश्तेदार को लेने दिल्ली एयरपोर्ट गए थे और सुबह करीब चार बजे वापस लौटे थे। इसके बाद वह बनत क्षेत्र से बकरीद के लिए पशु लेकर आए और सुबह करीब 10 बजे भाभी को डॉक्टर को दिखाने मेरठ रवाना हो गए। लगातार जागने और थकान के चलते आई हल्की झपकी हादसे की वजह मानी जा रही है,
छोटे-छोटे बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया
मृतक नाजिम अपने पीछे पांच, तीन और एक वर्ष के तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।वहीं मृतका रजिया के भी आठ,छह और चार वर्ष के तीन बच्चे हैं। रजिया के पति अलीम मलिक सऊदी अरब के रियाद में कारोबार करते हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है।शव पहुंचते ही गूंज उठीं चीखें
परिवार के आग्रह पर पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराए बिना शव परिजनों को सौंप दिए। मंगलवार शाम करीब पांच बजे जैसे ही दोनों शव एक साथ कस्बे में पहुंचे, परिवार में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में कस्बेवासी गमगीन परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।बुधवार को होगा सुपुर्द-ए-खाक
परिजनों के अनुसार सऊदी अरब से अलीम मलिक के लौटने के बाद बुधवार को नाजिम मलिक और रजिया को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
रिपोर्ट : जलालाबाद से फेसल मलिक के साथ सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।

Related Articles

Back to top button