मुख्यमंत्री धामी ने जनसुनवाई में सुनी समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

देहरादून 25 अप्रैल 
। पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधे संवाद कर विभिन्न मामलों को गंभीरता से लिया और कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया।
मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जनहित से जुड़े सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, अनावश्यक विलंब से बचने और प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को आमजन के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने जनसुनवाई को सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इससे न केवल समस्याओं का समाधान होता है, बल्कि शासन की कार्यप्रणाली में भी लगातार सुधार आता है।
इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म टेलीविजन एंड रेडियो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य में प्रभावी और दूरदर्शी फिल्म नीति लागू किए जाने पर मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि नई फिल्म नीति से उत्तराखंड फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभर रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।
वहीं, जन जागरण अभियान समिति के तत्वावधान में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने राज्य सरकार की 15 उत्कृष्ट योजनाओं पर आधारित आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए। छात्राओं ने इन योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को मिल रहे लाभ के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें समाज और शासन से जुड़े विषयों के प्रति संवेदनशील बनाती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
इस मौके पर आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल, अपर आयुक्त गढ़वाल उत्तम सिंह चौहान सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

