उत्तराखण्डविशेष समाचार

रुद्रपुर में पद्म पुरस्कार-2027 के लिए नामांकन शुरू, 31 जुलाई अंतिम तिथि

रुद्रपुर,25 अप्रैल 2026 । जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जानकारी दी कि भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा पद्म पुरस्कार-2027 के लिए नामांकन एवं सिफारिशें आमंत्रित की गई हैं। पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जो वर्ष 1954 से प्रदान किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि ये पुरस्कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट एवं असाधारण उपलब्धियों तथा उत्कृष्ट सेवा के लिए दिए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन केवल ऑनलाइन माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ही स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली, समर्पित और योग्य व्यक्तियों को सम्मानित करना है, जिन्होंने समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया हो। विशेष रूप से महिलाओं, अनुसूचित जाति-जनजाति, दिव्यांगजन, कमजोर एवं वंचित वर्गों से जुड़े व्यक्तियों की पहचान कर उनके नाम प्रस्तावित करने पर जोर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि चयन के दौरान संबंधित व्यक्ति की आजीवन उपलब्धियां, उत्कृष्ट कार्य, जनसेवा की भावना और समाज पर पड़े सकारात्मक प्रभाव को प्रमुखता दी जाएगी। “Excellence Plus” यानी उत्कृष्टता के साथ समाज के प्रति विशेष योगदान को भी अहम मानदंड रखा गया है।
जिलाधिकारी श्री भदौरिया ने सभी विभागाध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से अपील की है कि जनपद के योग्य एवं विशिष्ट व्यक्तियों की पहचान कर समय से उनका ऑनलाइन नामांकन सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाओं को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए प्रस्तावित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button