उत्तराखंड में जनगणना 2027 का पहला चरण ‘हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन’ शुरू, घर-घर पहुंचे प्रगणक

देहरादून, 25 अप्रैल 2026। उत्तराखंड में जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन’ का शनिवार को औपचारिक शुभारंभ हो गया। इस महत्वपूर्ण अभियान के तहत राज्यभर में प्रगणक और पर्यवेक्षक टीमें घर-घर जाकर आंकड़े संकलन के कार्य में जुट गई हैं।
इस चरण में प्रत्येक भवन और मकान का सूचीकरण करते हुए उसमें निवास कर रहे परिवारों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी। यह डेटा राज्य के समग्र विकास के लिए योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन का मजबूत आधार तैयार करेगा।
राज्य के विभिन्न जनपदों में जनगणना कार्य उत्साहपूर्वक शुरू हो चुका है। अल्मोड़ा जनपद के कंखोला (हवालबाग) क्षेत्र में सुपरवाइजर तारा दत्त भट्ट और प्रगणक भगवत सिंह बगड़वाल द्वारा घर-घर जाकर डेटा संकलन किया गया। वहीं लक्ष्मेश्वर वार्ड, नगर निगम अल्मोड़ा में प्रगणक दीपक सिंह ने भवन स्वामी श्रीमती विद्या कर्नाटक के यहां जनगणना कार्य संपन्न किया।
इसी प्रकार रुद्रप्रयाग जनपद की तहसील प्रतापनगर के सुदूरवर्ती गांव गोदड़ी में भी टीम ने उत्साह और समर्पण के साथ कार्य शुरू किया। खटीमा तहसील क्षेत्र में भी प्रगणक घर-घर जाकर भवन चिन्हांकन और गणना कार्य पूरी निष्ठा के साथ कर रहे हैं।
राज्यभर में प्रगणक एवं पर्यवेक्षक जमीनी स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए इस राष्ट्रीय अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। नागरिकों की सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 1855 भी शुरू की गई है, जो सोमवार से शुक्रवार सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे प्रगणकों को सहयोग दें और सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
स्थानीय स्तर पर सक्रिय टीम
कंखोला (हवालबाग) क्षेत्र में सुपरवाइजर तारा दत्त भट्ट, प्रगणक भगवत सिंह बगड़वाल तथा भवन स्वामी ललित वर्मा के सहयोग से जनगणना कार्य सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।

