उत्तराखण्डएक्सिडेंटशासन

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने धारचूला सड़क हादसे से प्रभावित स्थल का लिया जायजा, सड़क शीघ्र दुरुस्त करने के दिए निर्देश

पिथौरागढ़,12 नवंबर 2026 । पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने धारचूला में हुए सड़क हादसे से प्रभावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के चीफ इंजीनियर से वार्ता की तथा सड़क को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर उपस्थित स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि सड़क सुधारीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान बीआरओ के चीफ इंजीनियर ने मंत्री को अवगत कराया कि लगातार पानी का अत्यधिक रिसाव एवं बहाव होने के कारण सड़क निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस पर पर्यटन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को नाली की समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

मंत्री ने बीआरओ के चीफ इंजीनियर को निर्देशित किया कि पानी के रिसाव की समस्या का शीघ्र समाधान निकालते हुए सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षात्मक उपाय भी सुनिश्चित किए जाएं।

इस दौरान उप जिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी को निर्देश दिए गए कि वे सड़क सुधारीकरण कार्य की नियमित निगरानी करें तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर पानी के रिसाव की समस्या का स्थायी समाधान निकालते हुए सड़क निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

पर्यटन मंत्री ने स्थानीय जनता को आश्वस्त किया कि सड़क को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ठीक कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की रोकथाम के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस दौरान पर्यटन मंत्री ने अपने एक दिन पूर्व के दांतू भ्रमण का उल्लेख करते हुए सीमांत क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय लोगों की आजीविका के अवसरों को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में होमस्टे योजना को अधिकाधिक प्रोत्साहित किया जाएगा। होमस्टे स्थापित करने के इच्छुक स्थानीय लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा इसके लिए किसी प्रकार की सीमा निर्धारित नहीं है।

Advt.

उन्होंने होमस्टे संचालकों एवं स्थानीय लोगों को गोल खाते के कारण बैंक ऋण प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं बैंकिंग संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यावहारिक विकल्प तलाशने की आवश्यकता जताई, ताकि सीमांत क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग होमस्टे व्यवसाय से जुड़कर पर्यटन विकास एवं स्वरोजगार को बढ़ावा दे सकें।

Related Articles

Back to top button