मां वाराही धाम के नव-निर्माण से बढ़ेगा आस्था और पर्यटन का वैभव: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून,20 मार्च 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास से जनपद चम्पावत के श्री वाराही धाम में आयोजित मंदिर के नव-निर्माण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री वाराही धाम के नव-निर्माण कार्यों का शुभारंभ प्रदेशवासियों के लिए सौभाग्य का क्षण है। उन्होंने कहा कि मां वाराही का यह प्राचीन धाम सदियों से श्रद्धा, आस्था और शक्ति का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां आयोजित होने वाला प्रसिद्ध बग्वाल मेला हमारी वीरता, परंपरा और सामूहिक आस्था का अद्भुत संगम है, जिसे राज्य सरकार द्वारा राजकीय मेला घोषित किया गया है।
उन्होंने कहा कि मंदिर के नव-निर्माण से धाम को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप मिलेगा, जिससे यह स्थल आस्था के साथ-साथ विकास और समृद्धि का भी प्रतीक बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के चारधाम, शक्तिपीठ और सिद्धपीठ हमारी सनातन संस्कृति और पहचान के जीवंत प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन धार्मिक स्थलों के संरक्षण और पुनरुत्थान का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को भव्य स्वरूप देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने दोहराया कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से केदारखंड के साथ मानसखंड के पौराणिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। चम्पावत जनपद में बालेश्वर मंदिर, पाताल रुद्रेश्वर मंदिर, मां रणकोची मंदिर तथा मां पूर्णागिरी मंदिर के पुनर्विकास कार्य भी किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शारदा कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। 179 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास कार्य का शिलान्यास किया गया है, जबकि लगभग 430 करोड़ रुपये की लागत से गोल्ज्यू कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि लोहाघाट के छमनिया में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक तथा लगभग 257 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से भवन और छात्रावास का निर्माण कार्य जारी है।
सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए रीठा साहिब क्षेत्र में लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से सड़क नवीनीकरण एवं सुधार कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। शहीद शिरोमणी चिल्कोटी मोटर मार्ग के सुधार कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं। लोहाघाट में फायर स्टेशन के प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि देवीधुरा में पुलिस चौकी का निर्माण पूर्ण होने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में केंद्र और राज्य से भेजा गया प्रत्येक पैसा पारदर्शिता के साथ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, वाराही शक्ति पीठ ट्रस्ट के संरक्षक/संस्थापक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, निर्मल माहरा, श्याम नारायण पाण्डे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


