उत्तराखण्डशासन

चार साल पूरे होने पर देहरादून में भव्य आयोजन की तैयारी, परेड ग्राउंड में होंगे लोकार्पण व शिलान्यास

देहरादून,18 मार्च 2026 । राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद देहरादून सहित पूरे प्रदेश में विधानसभावार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जनपद स्तर पर प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान तिब्बती मार्केट ऑटोमेटेड पार्किंग, कैब सेवा एवं आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर का विधिवत लोकार्पण एवं अनावरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत विकास कार्यों का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर अपने-अपने विभागों के स्टॉल स्थापित कर संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को योजनाओं की जानकारी और लाभ मिल सके। प्रत्येक विधानसभा स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करते हुए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं महिलाओं/युवतियों के लिए अलग से स्वास्थ्य जांच स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग को डीडीआरसी (जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र) का सेटअप स्थापित कर दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र जारी करने और सहायक उपकरण वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान को स्वच्छ पेयजल, जिला पूर्ति अधिकारी को जलपान व्यवस्था, जबकि लोक निर्माण विभाग को मंच निर्माण, बैरिकेडिंग एवं अन्य व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को साफ-सफाई तथा पुलिस विभाग को सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए इसे भव्य और सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रवीन, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button