उत्तराखण्डविशेष समाचार

आई.टी.बी.पी. सीमाद्वार परिसर में “सेवानिवृत सैनिक दिवस” का आयोजन, सेवानिवृत व दिवंगत कर्मियों के आश्रितों का हुआ सम्मान

देहरादून 26 फरवरी । भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आई.टी.बी.पी.) के सेवानिवृत पदाधिकारियों एवं दिवंगत पदाधिकारियों के आश्रितों के सम्मान में गुरुवार को आई.टी.बी.पी. सीमादार परिसर, देहरादून में “सेवानिवृत सैनिक दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व कर्मियों के योगदान का सम्मान करना तथा उनकी व उनके आश्रितों की समस्याओं का समाधान करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रिंकू थापा, सेनानी, 23वीं वाहिनी, आई.टी.बी.पी. ने की। इस अवसर पर वाहिनी परिसर में निवासरत समस्त सेवानिवृत पदाधिकारियों एवं दिवंगत कर्मियों के आश्रित परिवारजनों का सम्मान किया गया।
समारोह का शुभारंभ रिंकू थापा द्वारा सबसे अधिक उम्र के वरिष्ठ सेवानिवृत पदाधिकारी कल्याण सिंह रावत, पूर्व सेनानी, आई.टी.बी.पी. को स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। साथ ही पदम सिंह एवं सोम पंवार, पूर्व सेनानी को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। सेवानिवृत कर्मियों तथा दिवंगत पदाधिकारियों के आश्रित परिवारजनों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
सम्मान समारोह में आई.टी.बी.पी. के सेवानिवृत सैनिकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान जसवंत सिंह तड़ियाल, पूर्व सेनानी, आई.टी.बी.पी. एवं महारथी पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल संगठन द्वारा परिचय एवं संवाद सत्र भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत कर्मियों तथा दिवंगत कर्मियों के आश्रितों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया और उनके त्वरित व उचित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक निर्देश दिए गए। आयोजन ने सेवानिवृत सैनिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button