बालावाला में विराट हिन्दू सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बोले— यह चेतना, एकता और आत्मगौरव का महापर्व

देहरादून,22 फरवरी। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बालावाला, देहरादून में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन मात्र एक आयोजन नहीं, बल्कि हिंदू समाज की चेतना, एकता और आत्मगौरव का महापर्व है। उन्होंने कहा कि आज हिंदू समाज न केवल जागृत और समर्पित है, बल्कि अपने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्राचीन वैभव को पुनः स्थापित करने के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ संगठित भी हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में इस प्रकार के विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन से जुड़ना उनके लिए गर्व का विषय है। संघ ने पिछले 100 वर्षों में देश के सांस्कृतिक मूल्यों को पुनर्जीवित करते हुए राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन के हृदय में सशक्त रूप से स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, कृषि, ग्राम विकास, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आदिवासी उत्थान, सेवा कार्य, कला और विज्ञान—ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जहां संघ के स्वयंसेवकों ने निस्वार्थ भाव से योगदान न दिया हो। उन्होंने भारत की विविधताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाषा, संस्कृति, जाति और क्षेत्र की भिन्नताओं के बावजूद संघ ने भेदभाव से ऊपर उठकर भारत की एकात्मता को सुदृढ़ किया है और ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत किया है।
मुख्यमंत्री ने हिंदुत्व की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूजा-पद्धति, परंपराएं और जीवनशैली भिन्न हो सकती हैं, लेकिन मूल मानवीय मूल्य एक हैं। हिंदुत्व हमें सिखाता है कि हम सब एक हैं, हमारी विविधताएँ ही हमारी शक्ति हैं और हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, ऑपरेशन कालनेमी के माध्यम से सनातन धर्म को बदनाम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना, मदरसा बोर्ड समाप्त कर सभी संप्रदायों के बच्चों के लिए समान शिक्षा व्यवस्था की नींव रखना तथा ‘हिन्दू स्टडी सेंटर’ की स्थापना जैसे कई कदम उठाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक श्री बृज भूषण गैरोला, पार्षद श्री प्रशांत खरोला, ब्रह्मचारी केशर स्वरूप, श्री ललित बुड़ाकोटी, श्री सुभाष बड़थ्वाल, श्री गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


