टकराव की राजनीति कर प्रदेश का माहौल खराब करना चाहती है कांग्रेस : चौहान
स्वस्थ परंपरा के विपरीत अराजक आचरण से क्या संदेश देना चाहती है कांग्रेस?

देहरादून 18 जनवरी। भाजपा ने कांग्रेस पर प्रदेश मे वातावरण खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह टकराव की राजनीति को प्रश्रय दे रही है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर सिंह चौहान ने चेताया कि जिस तरह मंत्रियों और पार्टी नेताओं के कार्यक्रमों को बाधित करने का प्रयास हो रहा है वह स्वस्थ लोकतंत्र और सार्वजनिक जीवन मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस के बड़े नेताओं को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का ख्याल रखते हुए अपने कार्यकर्ताओं को यह बात समझानी चाहिए।
उन्होंने भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए हाल फिलहाल में कांग्रेस द्वारा पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी आदि के प्रवास कार्यक्रमों में हंगामे की कोशिश की कड़े शब्दों में निंदा की है। चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना और विरोध अभिव्यक्ति का अधिकार सभी को है, लेकिन यह सब मर्यादा के दायरे मे होना चाहिए। किसी के विरोध प्रदर्शन के नाम पर रास्ता बाधित करना, कार्यक्रम में हंगामा करना, बेहद आपत्तिजनक प्रदर्शन या जानबूझकर टकराव की स्थिति उत्पन्न करने को किसी भी तरह से जायज नहीं ठहराया जा सकता है। क्योंकि जो लोकतंत्र उन्हें अपने राजनैतिक कार्यक्रम करने का अधिकार देता है, वहीं सभी लोगों के पास है। कांग्रेस पार्टी के ऐसे कृत्यों से भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त नाराजगी है, लेकिन वे अनुशासन से बंधे हैं।
चौहान ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से हताश निराश कांग्रेस पार्टी, प्रदेश का माहौल खराब करने की कीमत पर भी वापसी की इच्छुक है। यही वजह है कि प्रदेश में टकराव की राजनीति को बढ़ावा देने का प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष घटनाओं को अंजाम दे रही है। कानून उल्लंघन की इन घटनाओं में वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ जनता को भी कसूरवार बना रही हैं । उनकी कोशिश रहती है कि किसी भी तरह से बड़ी अराजक घटना को अंजाम देकर प्रदेश का माहौल खराब किया जाए।
चौहान ने काग्रेस को सलाह दी कि वे अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को कानून हाथ में लेने या अराजक स्थिति पैदा करने से रोकें। अनुशासन से बंधे
भाजपा के कार्यकर्ता कांग्रेस के इस आचरण का जवाब दे सकते हैं। सार्वजनिक मंच पर कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ सकती है।
भाजपा महज चुनाव तक सीमित दल नही, बल्कि पार्टी पूरे साल जनता के बीच उपस्थिति दर्ज कराती है। कांग्रेस को विरोध प्रदर्शन शालीनता और कानून के दायरे में रहकर करना चाहिए। मात्र चुनावी दृष्टि से की जा रही ऐसी विपक्षी हरकतों को जनता भी देख रही है और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से उनका ज़बाब देगी।
