उत्तराखण्डराष्ट्रीयविशेष समाचार

एबीवीपी के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, प्रो. यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार प्रदान किया

मुख्यमंत्री ने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया

देहरादून 30 नवंबर

। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रो. यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार से गोरखपुर के श्री श्रीकृष्ण पांडेय को सम्मानित किया। श्री पांडेय को यह सम्मान बाल भिक्षावृत्ति निर्मूलन, निस्सहाय मनोरोगियों की सेवा तथा कारागार बंदियों के पुनर्वास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने देशभर से आए एबीवीपी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद का यह अधिवेशन मात्र आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के पवित्र यज्ञ के प्रति समर्पित ऊर्जावान युवाओं का महासंगम है। उन्होंने अपने छात्र जीवन को स्मरण करते हुए बताया कि विद्यार्थी परिषद ने उन्हें नेतृत्व, संगठन और समाज सेवा की गहरी समझ दी, जो उनके जीवन के मूल्यों और आदर्शों की आधारशिला बनी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1949 में स्थापना के बाद से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने 77 वर्षों में व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण का सतत कार्य किया है। संगठन ने सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और वैचारिक क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि भारत की युवा ऊर्जा ही सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में निर्णायक सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को सशक्त बनाने हेतु स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से व्यापक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा, एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी, महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button