सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों और सिद्धांतों को किया नमन
देहरादून,0
2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखण्ड में दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, उप निदेशक रवि बिजारनिया, बद्री चंद सहित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। सभी ने राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके जीवन एवं विचारों से प्रेरणा लेने का संकल्प व्यक्त किया।
अधिकारियों ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और सत्याग्रह का संदेश आज भी समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को जन-जन से जोड़ते हुए देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना का संचार किया। गांधी जी के विचारों ने पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा की शक्ति का संदेश दिया।
वहीं, लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति को भी इस अवसर पर याद किया गया। देश के दूसरे प्रधानमंत्री के रूप में शास्त्री जी ने कठिन परिस्थितियों में दृढ़ नेतृत्व प्रदान किया और अपने आचरण से सार्वजनिक जीवन में सादगी एवं नैतिकता का उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका प्रसिद्ध आह्वान ‘जय जवान, जय किसान’ देश की सुरक्षा और कृषि क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करता है।
विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्श आज भी प्रशासन, सार्वजनिक जीवन और समाज के प्रत्येक वर्ग को ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता, सेवा भावना तथा राष्ट्रहित के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। जयंती के अवसर पर उनके बताए सिद्धांतों को अपने आचरण में अपनाने का संकल्प भी लिया गया।