उत्तराखण्डराष्ट्रीयविशेष समाचार

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने झारखण्ड स्थापना दिवस एवं जनजातीय गौरव दिवस पर दी शुभकामनाएं, जनजातीय विभूतियों को किया सम्मानित

बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया नमन, बोले—जनजातीय समाज का प्रकृति संरक्षण में योगदान पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत

देहरादून,14 नवम्बर। झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस एवं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने समस्त झारखण्डवासियों को राज्य स्थापना दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। साथ ही 15 नवम्बर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय योगदान और बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने जनजातीय क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को ‘जनजातीय गौरव सम्मान’ से सम्मानित भी किया।

राज्यपाल डॉ. बिसेन ने कहा कि झारखण्ड स्थापना दिवस राज्य की ऐतिहासिक चेतना, गौरवशाली पहचान, जनजातीय अस्मिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। 15 नवम्बर, 2000 को झारखण्ड राज्य का गठन वर्षों के जनसंघर्ष, जनआकांक्षाओं और आत्मसम्मान की भावना की ऐतिहासिक परिणति के रूप में हुआ था। इसी दिन महान जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी मनाई जाती है, जो देश के इतिहास में साहस, त्याग और स्वाभिमान के प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन, शोषण और अन्याय के विरुद्ध ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ का नेतृत्व किया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों तथा उसकी सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष किया। मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका बलिदान राष्ट्र के इतिहास में सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

राज्यपाल ने कहा कि जनजातीय समाज का प्रकृति के साथ गहरा जुड़ाव और उसका सामूहिक जीवन भारतीय संस्कृति के शाश्वत दर्शन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ एवं ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना को प्रतिबिंबित करता है। आज पूरी दुनिया पर्यावरणीय असंतुलन और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे समय में जनजातीय समाज का प्रकृति-सम्मत जीवन दर्शन पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। जल, जंगल और जमीन का संरक्षण केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 15 नवम्बर, 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

राज्यपाल ने देवभूमि उत्तराखण्ड और वीरभूमि झारखण्ड के बीच सांस्कृतिक समानताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भौगोलिक दूरी के बावजूद दोनों राज्य प्रकृति के प्रति श्रद्धा, सामुदायिक एकता और समृद्ध जनजातीय परम्पराओं से जुड़े हुए हैं। उत्तराखण्ड के थारू, बोक्सा, भोटिया, जौनसारी एवं राजी समुदायों ने अपनी विशिष्ट भाषाओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखा है। झारखण्ड के जनजातीय समुदायों की भी अपनी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान है।

Advt.

उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच जनजातीय संस्कृति, पारम्परिक ज्ञान, हस्तशिल्प, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। इस प्रकार के प्रयास ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और मजबूत करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि झारखण्ड अपनी प्राकृतिक सम्पदा, सांस्कृतिक वैभव और सामर्थ्यवान जनशक्ति के बल पर विकास के नए प्रतिमान स्थापित करेगा तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

कार्यक्रम में प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने भी झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर झारखण्डवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय समाज का प्रकृति के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान रहा है।

इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अदांकी, अपर सचिव रीना जोशी, निदेशक समाज कल्याण संजय सिंह टोलिया, उप निदेशक राजीव सोलंकी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button