उत्तर प्रदेशधर्म-संस्कृति

जलालाबाद में धूमधाम से निकली श्रीराम बारात, जगह-जगह हुआ स्वागत

धनुष यज्ञ की लीला के बाद निकली राम बारात, आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

जलालाबाद 10 अक्टूबर। कस्बे में चल रहे आदर्श रामलीला मंचन मे धनुष यज्ञ की लीला का मंचन हुआ जिसके बाद शनिवार को श्रीराम बारात धूमधाम के साथ निकाली गई। बैंड-बाजों की मधुर धुन, आकर्षक झांकियों और कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने राम बारात को भव्य रूप प्रदान किया। बारात के दर्शन करने के लिए कस्बे के लोगों की भीड़ उमड़ी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर स्वागत किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
राम बारात में शामिल सुंदर एवं मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से धार्मिक प्रसंगों को जीवंत कर दिया। बारात रामलीला भवन से शुरू होकर मोती बाजार, कुरैशियान चौक से होते हुए बोहरान, मौहम्मदीगंज, खटीकान बम्बा चौंक भाईजान चौक, प्रताप चौंक नीलगरान ,रामनगर होते हुए वापस रामलीला मैदान पर सम्पन्न् हुई सम्पूूर्ण मार्ग में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की। पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। बैंड-बाजों की धुन और जय श्रीराम के जयघोष से कस्बे की गलियां गूंज उठीं। सबसे आगे अखाडा गुरू बालीराम के युवा एवं लडकियो की टोली पौराणिक युद्ध कला का अनूठा प्रदर्शन कर देखने वालो को दांतो तले उंगली दबाने पर विवश कर उन्हे रोमांचित कर रहे थे। उसके बाद घोडे पर सवार गुरू विश्वामित्र, गुरू वशिष्ठ, महाराजा दशरथ आदि सवार होकर आगे आगे चल रहे थे । ढोल तासो व बैंडबाजो की धार्मिक धुनो पर युवा थिरकते चल रहे थे।
इससे पूर्व रामलीला मंच पर धनुष यज्ञ की लीला का मंचन किया गया। राजा जनक के दरबार में आयोजित सीता स्वयंवर के प्रसंग को कलाकारों ने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़ने के दृश्य ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।धनुष टूटने के बाद भगवान परशुराम के आगमन और लक्ष्मण के साथ उनके तीखे संवादों ने मंचन में विशेष रोमांच भर दिया। परशुराम और लक्ष्मण के बीच हुए संवादों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। कलाकारों के अभिनय और संवाद अदायगी ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। रामलीला के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर संदेश दिया गया। राम बारात और धनुष यज्ञ की लीला को देखने के लिए कस्बे के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे। आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना दिया।
फोटो जलालाबाद मे रामलीला बारात रथ पर सवार चारो भाई , शुभारम्भ करते अतिथि।

Related Articles

Back to top button