उत्तराखण्डपर्यटन

मसूरी की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को बढ़ावा देते हैं शरदोत्सव जैसे आयोजन: गणेश जोशी

मसूरी,10 अक्टूबर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज मसूरी स्थित नगर पालिका सभागार में आयोजित शरदोत्सव-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने सांस्कृतिक कलाकारों को सम्मानित किया और आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी केवल उत्तराखण्ड का प्रमुख पर्यटन स्थल ही नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और अतिथि सत्कार की पहचान भी है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध लोक संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत पर्यटकों को आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि शरदोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने के साथ ही मसूरी की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ साहसिक पर्यटन, इको-टूरिज्म, ग्रामीण पर्यटन और सांस्कृतिक पर्यटन को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी को स्वच्छ, पर्यावरण के प्रति संवेदनशील और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के साथ-साथ इसकी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जोत सिंह गुनसोला, सतीश ढौंढियाल, कुशाल राणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button