उत्तराखण्डहेल्थ

ज्योलीकोट में डायरिया-पीलिया का प्रकोप, ब्लॉक प्रमुख डॉ.हरीश बिष्ट ने लिया अस्पतालों का जायजा

प्रभावित मरीजों को त्वरित एवं निःशुल्क उपचार के निर्देश, बेस अस्पताल में अलग वार्ड बनाने की तैयारी

नैनीताल 10 सितंबर । भीमताल ब्लॉक के अंतर्गत ज्योलीकोट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में डायरिया एवं पीलिया जैसी बीमारियों के प्रकोप को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। क्षेत्र के कई ग्रामीणों को उपचार के लिए हल्द्वानी के सरकारी एवं निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी पहुंचकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी रश्मि पंत से वार्ता कर प्रभावित मरीजों के बेहतर उपचार के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही मरीजों की नियमित जांच और स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयुष्मान कार्ड से तत्काल मिलेगा निःशुल्क उपचार
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत देने के लिए ब्लॉक प्रमुख ने सीएमओ रश्मि पंत से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों से आने वाले सभी पात्र मरीजों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से तत्काल एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि धन के अभाव में किसी भी मरीज का इलाज प्रभावित नहीं होना चाहिए और पात्र लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ लेने के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
बेस अस्पताल में अलग वार्ड की व्यवस्था
डायरिया और पीलिया प्रभावित क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के लिए बेस अस्पताल हल्द्वानी में अलग वार्ड की व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए गए। इस वार्ड में विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ नोडल डॉक्टर की तैनाती की जाएगी, ताकि मरीजों को एक ही स्थान पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
ब्लॉक प्रमुख ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा नोटिस बोर्ड पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के नाम और संपर्क नंबर चस्पा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति या किसी परेशानी की स्थिति में मरीज और उनके परिजन सीधे संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों से संपर्क कर सकें।
डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग से लगातार निगरानी बनाए रखने और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी रश्मि पंत सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : ललित जोशी

Related Articles

Back to top button