उत्तराखण्डमतदान

जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली की समय-सारिणी जारी

देहरादून 05 सितंबर । उत्तराखण्ड राज्य के समस्त जनपदों में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस प्रक्रिया में प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र-जिला पंचायत, हरिद्वार का सम्पूर्ण क्षेत्र शामिल नहीं होगा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन हेतु निर्वाचक नामावलियों को तैयार करने के लिए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार 8 सितम्बर 2026 को निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 10 सितम्बर 2026 को निर्वाचक नामावलियों के निरीक्षण तथा दावा-आपत्ति दाखिल करने की अवधि निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का 12 सितम्बर 2026 को निस्तारण किया जाएगा, जबकि 15 सितम्बर 2026 को अंतिम रूप से तैयार निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित जिला मजिस्ट्रेट/रिटर्निंग ऑफिसर (जिला योजना समिति) द्वारा जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए जिला पंचायत एवं नागर स्थानीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इसकी जानकारी स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक रूप से प्रकाशित कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि निर्वाचक मंडल की जानकारी के लिए संबंधित निर्वाचक नामावलियों का प्रदर्शन जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, जिला पंचायत मुख्यालय तथा सभी नागर स्थानीय निकायों के मुख्यालयों में भी कराया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचक नामावली तैयार करने से संबंधित समस्त कार्यवाही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर/जिला मजिस्ट्रेट द्वारा संपन्न की जाएगी।

Related Articles

Back to top button