उत्तराखण्डअपराध

किराये के कमरे में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

देहरादून,24 अक्टूबर। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र की संस्कृति लोक कॉलोनी में किराये के मकान में चल रहे देह व्यापार के धंधे का दून पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं और दो पुरुषों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान कमरे से आपत्तिजनक सामग्री और नकदी भी बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर-1 स्थित एक मकान में किराये पर कमरा लेकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान में छापा मारा, जहां एक कमरे में महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं।

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि **आरोपिता अजमीरा ने मकान किराये पर लेकर देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा था।** पुलिस के मुताबिक, वह फोन के जरिए ग्राहकों से संपर्क करती थी और व्हाट्सएप पर महिलाओं की तस्वीरें भेजती थी। ग्राहकों की मांग के अनुसार बाहरी जनपदों और राज्यों से महिलाओं को बुलाकर किराये के कमरे में देह व्यापार कराया जाता था।

पुलिस ने इस मामले में अजमीरा (42), शेख अजीजल (30), रजनी (25) और अन्नू (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button